पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य में आतंकी खतरे की आशंका ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर बिहार पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, तीन संदिग्ध आतंकी नेपाल सीमा के रास्ते बिहार में घुसे हैं। इनकी पहचान पाकिस्तानी मूल के नागरिकों—हसनैन अली (रावलपिंडी), आदिल हुसैन (उमरकोट) और मोहम्मद उस्मान (बहावलपुर)—के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये तीनों प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए हैं।
खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि आतंकी बिहार में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। चुनावी माहौल को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है। राज्य के सभी जिलों में चौकसी बढ़ा दी गई है, खासकर नेपाल सीमा से सटे इलाकों में।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में सुरक्षा जांच कड़ी कर दी गई है। सभी संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा, सीमावर्ती जिलों में विशेष टीमों की तैनाती की गई है ताकि आतंकियों की तलाश तेज की जा सके।
बिहार पुलिस ने आम लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को देने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि चुनाव से पहले अस्थिरता फैलाने के लिए आतंकियों की घुसपैठ कराई गई हो सकती है।
फिलहाल, राज्यभर में हाई अलर्ट जारी है और सुरक्षा एजेंसियां आतंकियों की तलाश में सक्रिय हो गई हैं।

