देहरादून। उत्तराखंड पत्रकारिता जगत के लिए गुरुवार का दिन बेहद दुखद साबित हुआ। अमर उजाला के राज्य ब्यूरो प्रमुख एवं वरिष्ठ पत्रकार राकेश खंडूड़ी का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है।
श्री बदरीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि “राकेश खंडूड़ी जैसे अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार का जाना पत्रकारिता जगत की अपूरणीय क्षति है। उनकी कलम ने समाज और राज्य दोनों के लिए हमेशा सार्थक योगदान दिया।” द्विवेदी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति दें।
उल्लेखनीय है कि डोईवाला निवासी राकेश खंडूड़ी कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका इलाज ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल में चल रहा था। गुरुवार को इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। जैसे ही उनके निधन की खबर आई, पत्रकारिता जगत सहित सामाजिक और राजनीतिक हलकों में गहरा शोक छा गया।
राकेश खंडूड़ी अपने लंबे पत्रकारिता करियर में न सिर्फ अमर उजाला के लिए बल्कि प्रदेश की जनता की आवाज़ बनकर सामने आए। उनकी लेखनी ने हमेशा जनहित और निष्पक्षता को प्राथमिकता दी। सहयोगी पत्रकारों के बीच वे एक प्रेरणा स्रोत माने जाते थे।
वरिष्ठ पत्रकार के निधन से उत्तराखंड मीडिया परिवार में गहरी रिक्तता पैदा हो गई है। उनके साथियों और शुभचिंतकों का मानना है कि उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।