वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भीषण भूस्खलन, 36 की मौत – रेस्क्यू जारी
जम्मू-कश्मीर। राज्य में लगातार हो रही भारी बारिश ने कहर बरपा दिया है। बुधवार को कटरा के पास अर्धकुमारी स्थित माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हुए भयंकर भूस्खलन ने भयावह मंजर खड़ा कर दिया। इस हादसे में अब तक 36 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
रेस्क्यू टीमों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू कर दिया है। हालांकि प्रशासन का मानना है कि मलबे में अभी भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं, इसलिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
भूस्खलन और बाढ़ के चलते जम्मू-कश्मीर का बड़ा हिस्सा प्रभावित हुआ है। कटरा से लेकर डोडा तक कई महत्वपूर्ण पुल टूट गए हैं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। वहीं, बिजली आपूर्ति और मोबाइल नेटवर्क भी बुरी तरह प्रभावित हैं।
लगातार बारिश से कई इलाकों में जलजमाव और बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। अब तक 3,500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य के लिए सेना और एनडीआरएफ की अतिरिक्त टीमों को भी लगाया है।
श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक और भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिससे प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की तबाही उन्होंने वर्षों बाद देखी है। हादसे से पूरे राज्य में मातम पसरा हुआ है और लोग प्रशासन से तुरंत राहत की गुहार लगा रहे हैं।