गैरसैंण। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार सुबह भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में भ्रमण के दौरान आमजन से सीधी मुलाकात कर सबको चौंका दिया। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्य कर रही स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं और विधानसभा परिसर में सेवाएं दे रहे सफाई कर्मचारियों से संवाद किया और उनकी सुविधाओं का फीडबैक लिया।
मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से पूछा कि सरकार की ओर से चल रही योजनाओं और सुविधाओं का उन्हें कितना लाभ मिल रहा है। महिलाओं ने आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सरकार के प्रयासों की सराहना की और बताया कि इन योजनाओं से उनके समूह की आर्थिक स्थिति बेहतर हुई है।
इसी दौरान धामी ने सफाई कर्मचारियों से भी उनके खाने-पीने और रहने की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याएं सुनी और भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने में महिलाओं का समर्पण और स्वच्छ समाज के लिए सफाई कर्मियों की मेहनत “विकसित उत्तराखंड” की दिशा में सामूहिक प्रयास का श्रेष्ठ उदाहरण है।
सीएम धामी ने इस मौके पर देवभूमि आने वाले पर्यटकों से भी एक खास अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के अनुसार पर्यटक अपनी यात्रा व्यय का कम से कम 5 प्रतिशत स्थानीय उत्पादों की खरीद पर खर्च करें। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा और स्वरोजगार के नए अवसर बनेंगे।
महिलाओं और सफाई कर्मियों के साथ सीएम की इस बातचीत ने न केवल सरकार की योजनाओं की जमीनी हकीकत को सामने रखा, बल्कि लोगों को यह संदेश भी दिया कि प्रदेश सरकार सीधे जनता के बीच रहकर उनकी जरूरतें और समस्याएं समझने के लिए प्रतिबद्ध है।