नैनीताल पंचायत चुनाव से पहले उठा अपहरण का विवाद, किसके साथ खड़ी होगी जनता?

नैनीताल। जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव के नतीजों से पहले ही सरोवर नगरी का माहौल गरमा गया है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के आरोपों के बाद अब भाजपा की जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी दीपा देवी दर्मवाल भी सामने आई हैं। उन्होंने सोमवार को घोड़ाखाल स्थित न्याय देवता गोलज्यू महाराज के मंदिर में जाकर प्रार्थना की और न्याय की गुहार लगाई।

दीपा देवी ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी पुष्पा नेगी के पति लाखन सिंह नेगी और उनके सहयोगियों ने भाजपा समर्थित पंचायत सदस्यों का अपहरण कर लिया है। उन्होंने दावा किया कि उनके समर्थक सदस्य चुनाव से एक दिन पहले तक उनके साथ थे और भोजन भी किया था। लेकिन अगले दिन अचानक उनसे संपर्क टूट गया और उनके मोबाइल फोन बंद मिले।

भाजपा प्रत्याशी का आरोप है कि कांग्रेस खेमे के लोगों ने उनके समर्थकों को बंधक बना लिया और उनके प्रमाणपत्र छीन लिए। उन्होंने गोलज्यू महाराज को साक्षी मानते हुए कहा कि इस अन्याय को भगवान और न्यायपालिका ही दूर कर सकते हैं। दीपा देवी ने उच्च न्यायालय से भी निष्पक्ष हस्तक्षेप की उम्मीद जताई है।

उन्होंने अपनी प्रार्थना में यह भी कहा कि जिन सदस्यों को अगवा किया गया है, उनके परिवार सुरक्षित और सुखी रहें। उनका यह बयान चुनावी सरगर्मी के बीच बड़ा सियासी मुद्दा बन गया है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है, वहीं कांग्रेस ने अभी तक इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

अब सबकी निगाहें जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव के परिणामों पर टिकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि गोलज्यू महाराज के दरबार में की गई दीपा देवी की यह गुहार कितनी असरदार साबित होती है और न्यायपालिका किस तरह इस मामले पर संज्ञान लेती है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.