नन्हे हाथियों की मस्ती देख जुटी भीड़, जंगल से आई ये अनोखी टुकड़ी

उत्तरी हरिद्वार के खड़खड़ी क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जंगल से भटककर हाथियों का एक झुंड अचानक सुखी नदी में पहुंच गया। जंगल के शांत वातावरण से निकलकर शहरी सीमा में पहुंचे इन विशालकाय मेहमानों को देखकर जहां कुछ लोग डर गए, वहीं कई लोग हाथियों की अठखेलियों का आनंद उठाने भी पहुंच गए।
खास बात यह रही कि झुंड में शामिल तीन छोटे हाथी (हाथी के बच्चे) नदी के किनारे खेलते और मस्ती करते नजर आए। उनकी मासूम हरकतों ने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। कई लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया और अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह क्षेत्र राजाजी टाइगर रिजर्व की सीमा से सटा हुआ है, जहां से अक्सर जंगली जानवर आबादी की ओर निकल आते हैं। हालांकि, इस बार हाथियों का झुंड सीधे आबादी में न जाकर सुखी नदी में ही रुका रहा। करीब एक घंटे तक नदी में रहने के बाद झुंड धीरे-धीरे वापस जंगल की ओर लौट गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं मानसून के मौसम में अक्सर होती हैं, जब हाथी पानी या खाने की तलाश में अपने प्राकृतिक आवास से बाहर आ जाते हैं। गनीमत रही कि इस दौरान कोई नुकसान नहीं हुआ और हाथी शांतिपूर्वक वापस लौट गए।
वन विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर रखी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे समय में जानवरों से दूरी बनाए रखें और उकसाने की कोशिश न करें।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.