CM धामी की डिजिटल पहल: हजारों श्रमिकों को मिली आर्थिक राहत, जानें कैसे

उत्तराखंड के श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 8,299 श्रमिकों के आवेदनों का ऑनलाइन निस्तारण कर लगभग *24 करोड़ 85 लाख रुपये* की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की है।
इस अभियान के तहत पुत्री विवाह सहायता योजना, मृत्यु अनुदान योजना, प्रसूति सहायता योजना और शिक्षा सहायता योजना में पात्र श्रमिकों को लाभ पहुंचाया गया है। श्रम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह पहली बार है जब इतने बड़े स्तर पर ऑनलाइन माध्यम से राशि का वितरण किया गया है।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और विभाग द्वारा किया गया यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने श्रम विभाग के लेबर सेस मैनेजमेंट पोर्टल और ई-श्रम पोर्टल पर की गई प्रगति की भी प्रशंसा की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिकों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाए और उद्योगों तथा श्रमिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए ताकि रोजगार में निरंतरता बनी रहे।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री गीता रावत, उप श्रमायुक्त मधु नेगी चौहान, श्रम विभाग के अधिकारी विपिन कुमार, उमेश चंद्र राय, केके गुप्ता और कमल जोशी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। यह अभियान राज्य में डिजिटल शासन व्यवस्था की दिशा में एक और मजबूत कदम माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.