भ्रमजाल नहीं, उत्तराखंड को सच्चाई चाहिए!

“1 लाख करोड़ के निवेश पर सरकार श्वेत पत्र जारी करे” – गरिमा मेहरा दसौनी

उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने रुद्रपुर में आयोजित तथाकथित “उत्तराखंड निवेश उत्सव” को भाजपा सरकार का एक और प्रचारमूलक कार्यक्रम करार देते हुए कहा कि यह आयोजन जनता को भ्रमित करने की कोशिश है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास के जो दावे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंच से किए, वे आकर्षक भाषणों तक सीमित हैं, जमीन पर उनकी कोई हकीकत नहीं दिखाई देती।

दसौनी ने भाजपा सरकार से 1 लाख करोड़ के निवेश की ग्राउंडिंग पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की और पूछा:

  • कहां हैं वे निवेश?

  • कितने उद्योग व उद्यम शुरू हुए?

  • कितने युवाओं को रोजगार मिला?

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के अधिकतर औद्योगिक क्षेत्र आज भी अव्यवस्था, अधूरी बुनियादी सुविधाओं और बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। “निवेश मित्र” और ई-गवर्नेंस के नाम पर चल रही ऑनलाइन सेवाओं को उन्होंने छलावा बताते हुए कहा कि आज भी उद्योगपतियों को रिश्वत, फाइलों के ढेर और राजनीतिक हस्तक्षेप से जूझना पड़ रहा है।

भ्रष्टाचार पर खोखले दावे

दसौनी ने मुख्यमंत्री के “भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस” के दावों को नकारते हुए कहा कि:

  • उद्यान घोटाला,

  • सैन्यधाम घोटाला,

  • आय से अधिक संपत्ति रखने वाले मंत्री,

जैसे मामलों में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार संस्थागत रूप ले चुका है।

गृहमंत्री की टिप्पणी की आलोचना

गृहमंत्री अमित शाह द्वारा विपक्ष पर की गई “हवन में हड्डी डालने” वाली टिप्पणी को दसौनी ने असंवैधानिक और लोकतंत्र के विरुद्ध बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष का सवाल उठाना लोकतंत्र का मूल है, और भाजपा सत्ता के अहंकार में लोकतांत्रिक मर्यादाओं को भूल चुकी है।

जनता के सवालों से भाग रही है सरकार

गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि:

  • राज्य का युवा नौकरी के लिए दर-दर भटक रहा है,

  • महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है,

  • ग्रामीण इलाकों से पलायन थम नहीं रहा,

  • महिला अपराध में उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में शीर्ष पर है,

  • सत्ता पक्ष के संरक्षण में खनन माफिया, शराब माफिया और भू-माफिया सक्रिय हैं।

लोक कलाकारों पर कार्यवाही और अभिव्यक्ति की आजादी का हनन दर्शाता है कि राज्य में लोकतंत्र दम तोड़ रहा है।

कांग्रेस का संकल्प

दसौनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर गांव, हर शहर और हर मंच से भाजपा सरकार के झूठ और दिखावे की पोल खोलेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि:

विकास आंकड़ों से नहीं, धरातल की सच्चाई से मापा जाता है। उत्तराखंड को खोखले उत्सव नहीं, मजबूत नीति और ईमानदार सरकार की आवश्यकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.