9 जुलाई की देशव्यापी हड़ताल में शामिल होंगे छत्तीसगढ़ के निर्माण मजदूर – राजमिस्त्री मजदूर रेजा कुली एकता यूनियन
राजमिस्त्री मजदूर रेजा कुली एकता यूनियन ने आज एक संयुक्त प्रेस बयान जारी कर केंद्र और राज्य सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों की कड़ी आलोचना की। यूनियन के राज्य अध्यक्ष देवचंद भास्कर एवं महासचिव ओम प्रकाश देवांगन ने जानकारी दी कि 9 जुलाई 2025 को आयोजित देशव्यापी मजदूर हड़ताल में छत्तीसगढ़ के निर्माण मजदूर भी पूरे जोश और ताकत के साथ भाग लेंगे।
यूनियन नेताओं ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने पारंपरिक श्रम कानूनों को समाप्त कर चार नई श्रम संहिताएं लागू की हैं, जो मजदूरों के शोषण को बढ़ावा देती हैं और मालिकों व कॉर्पोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से बनाई गई हैं। यह सीधा मजदूरों के अधिकारों पर हमला है।
राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण मजदूरों के लिए चलाई जा रही योजनाओं में लगातार कटौती की जा रही है। पंजीयन प्रक्रिया में भारी भ्रष्टाचार व्याप्त है – मजदूरों को पंजीयन कराने के बावजूद लाभ नहीं मिल रहा, जबकि राजनीतिक प्रभावशाली गैर-मजदूरों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
प्रमुख मांगें:
-
चारों श्रम संहिताओं को वापस लिया जाए।
-
निर्माण मजदूरों की योजनाओं की बहाली और बजट में वृद्धि हो।
-
मजदूर पंजीयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए।
-
भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्रवाई हो और दोषियों को दंडित किया जाए।
यूनियन ने सभी निर्माण मजदूरों और श्रमिक संगठनों से आह्वान किया है कि वे 9 जुलाई की हड़ताल में एकजुट होकर शामिल हों और मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष को तेज करें।