राहुल पर जनता का विश्वास ही भारत जोड़ो यात्रा की सफलता की वजह:कन्हैया

नांदेड़ । कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सराहना की और कहा कि इसकी सफलता की वजह उन (श्री गांधी) पर जनता का विश्वास ही है क्योंकि पदयात्रा का उद्देश्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने के बजाय देश को और बचाना है।

कुमार ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में भाग लेने के दौरान नांदेड़ जिले के अर्धपुर में संवाददाताओं से कहा कि अनेकता में एकता ही इस देश की पहचान है और इस पहचान को मिटाने का काम पिछले कुछ सालों से देश में घृणा के बीज बोकर किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि समाज, जाति और धर्म को एक दूसरे के खिलाफ रखकर भाजपा अपना राजनीतिक घोंसला जला रही है तथा देश में महंगाई और बेरोजगारी की समस्या से जूझ रही जनता को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से देश को जोड़ने के लिए निकले श्री राहुल गांधी में लोगों की आशा, अपेक्षा और विश्वास है तथा देश की मौजूदा प्रतिकूल स्थिति को समाप्त करने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक पदयात्रा में भाग ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पदयात्रा में भाग लेने वाले आम लोग अपने दैनिक जीवन में आने वाली समस्याओं के बारे में बात करते रहे हैं। युवाओं की हालत उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद भी नौकरी नहीं मिल रही है, लेकिन अमित शाह के बेटे को नौकरी मिल रही है।

उन्होंने अग्निवीर योजना की ओर इशारा करते हुए कहा कि युवाओं में गुस्सा है कि नियम बदल दिए गए हैं। वे दुखी हैं कि उनके सपने भाजपा सरकार द्वारा कुचल दिये जा रहे हैँ। महंगाई ने महिलाओं के किचन का बजट खत्म कर दिया है। जानलेवा मंहगाई के बीच जीना मुश्किल हो गया है।

कुमार ने कहा कि गन्ना किसानों को उनकी फसल का मूल्य नहीं मिल रहा है। वहीं अन्य कृषि उत्पादों को भी इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार इन बुनियादी मुद्दों को नहीं छूती है बल्कि वह जनता का ध्यान भटकाने के लिए अन्य मुद्दों को महत्व दे रही हैं।उन्होंने कहा , ‘‘ सरकार लोगों की नहीं सुन रही है लेकिन  राहुल गांधी उनकी समस्याएं, दर्द और पीड़ा सुन रहे हैं। लोगों को लगता है कि कोई उनका दुख सुनने आया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.