दो महिलायें नदी में कूदीं, लापता

नैनीताल। बागेश्वर में दो महिलाओं की सरयू नदी में डूबने का मामला सामने आया है। पुलिस, राज्य आपदा प्रबंधन बल व अग्निशमन की टीम मौके पर खोज अभियान में जुटी हैं। दोनों लापता हैं।

बताया जा रहा है कि बागेश्वर के दफौट की रहने वाली ज्योति (25) अपनी चाची के साथ किसी काम से रविवार को बागेश्वर जनपद मुख्यालय आयी थी। बताया जा रहा है कि विकास भवन के पास यकायक उसने सरयू में छलांग लगा दी।

बताया जा रहा है कि ज्योति को बचाने के चक्कर में उसकी बदहवास चाची जीवंती देवी भी नदी में कूद गयी। दोनों पल में ओझल हो गये। यह घटना शहर में आग की तरह फैल गयी।

सूचना मिलते ही पुलिस व एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे और गहनता से तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन सरयू नदी के तेज बहाव में दोनों का कोई पता नहीं चल पाया।

बागेश्वर की जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया दो महिलाओं के नदी में कूदने का मामला सामने आया है। पुलिस व एसडीआरएफ की टीम मौके पर खोज अभियान चला रही हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.