After Header-1

जम्मू-कश्मीर : तलाश अभियान जारी, मोबाइल- इंटरनेट सेवाएं ठप

श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर के नियंत्रण रेखा से लगे वन क्षेत्र में सीमा पार से घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम किये जाने के बाद बड़े पैमाने पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है।  तलाश अभियान के मद्देनजर सीमावर्ती शहर उरी में मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है। उरी सेक्टर में सतर्क सैनिकों ने घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया, जिसमें एक सैनिक घायल हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उरी में नियंत्रण रेखा के पास जंगल में 30 घंटे से अधिक समय से व्यापक तलाश अभियान चल रहा है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गये हैं और सीमा क्षेत्र में घुसपैठियों का पता लगाने के लिए तलाश अभियान का दायरा बढ़ा दिया गया है। इससे पहले 15वीं कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडे ने कहा कि घुसपैठ की कोशिश की गयी थी और सुरक्षा बल उनकी (आतंकवादियों) की तलाश कर रहे हैं।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, यह स्पष्ट नहीं है कि आतंकवादी अब भी इस तरफ हैं या घुसपैठ की कोशिश के बाद वापस चले गये हैं। उन्होंने बताया कि घुसपैठ की किसी भी कोशिश को नाकाम करने के लिए सेना हाई अलर्ट पर है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.