After Header-1

विधानसभा चुनाव : ‘प्रतिज्ञा यात्रा’ के जरिये यूपी में सरकार बनाने का दावा पेश करेगी कांग्रेस

लखनऊ : विधानसभा चुनाव में अपना मजबूत दावा पेश करने की तैयारी में जुटी गई है कांग्रेस । प्रदेश भर में ‘कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा’ निकालेगी। पार्टी महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा की अध्यक्षता में पार्टी की सलाहकार और रणनीति कमेटी की बैठक में यह फैसला लिया गया। पार्टी का दावा है कि प्रदेश के चार क्षेत्रों में कुल 12000 किलोमीटर की यह यात्रा जनाक्रोश को स्वर देगी और जनता के बीच कांग्रेस के असल विकल्प होने का दावा पेश करेगी।

हर स्तर पर खुद को मजबूत बनाने में जुटी कांग्रेस

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सचिन रावत ने बताया कि श्रीमती वाड्रा के निर्देश पर पार्टी और उससे जुड़े संगठन हर स्तर पर खुद को मजबूत बनाने में जुटे हैं। श्रीमती वाड्रा ने प्रदेश कार्यालय पहुँचकर उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री गोविन्द बल्लभ पंत की जयंती पर उनके चित्र पर मार्ल्यापण करके और परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद की शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ समीक्षा बैठकों की शुरुआत की। रावत ने बताया कि आगामी विधान सभा चुनाव 2022 को लेकर पार्टी अपने चुनावी अभियान के तहत ‘‘कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा : हम वचन निभायेंगें’’ नाम से 12 हजार किलोमीटर की यात्रा प्रदेश के तमाम बड़े शहरों, कस्बों और गांवो से होकर गुजरेगी। यह निर्णय पार्टी की सलाहाकार और रणनीति कमेटी ने लिया। कमेटी की बैठक में आगामी विधान सभा से जुड़े चुनाव अभियानों और कार्यक्रमों पर गहन मंथन किया गया। यात्रा के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा और रूट निर्धारण को लेकर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत सलाहकार एवं रणनीति कमेटी के सदस्यों के साथ श्रीमती वाड्रा ने व्यापक विचार विमर्श किया। उन्होने बताया कि श्रीमती वाड्रा ने बैठक में ‘उत्तर प्रदेश कांग्रेस चुनाव समन्वय समिति’ के सदस्यों के साथ क्षेत्रवार चुनावी रणनीति को लेकर तमाम बिंदुओं पर चर्चा की। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों, चुनाव प्रबंधन, प्रचार अभियान कार्यक्रमों इत्यादि को लेकर सदस्यों से राय मांगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.