माकपा के आठ पार्टी कार्यालयों को किया आग के हवाले

त्रिपुरा। माकपा के आठ पार्टी कार्यालयों को क्षतिग्रस्त कर आग के हवाले कर दिया गया। अगरतला और राज्य के तीन अन्य जिलों में कई वाहनों और अन्य संपत्तियों को तोड़ दिया गया। पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार सहित माकपा नेताओं ने कहा कि अगरतला में पार्टी कार्यालयों पर हमलों के लिए भाजपा नेताओं के नेतृत्व में सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ता जिम्मेदार हैं। हमले दक्षिणी त्रिपुरा के उदयपुर, संतिर बाजार, पश्चिमी त्रिपुरा का दुकली और सिपाहीजला जिले के बोक्सानगर, विशालगढ़ और खतालिया में किए गए।

हालांकि भाजपा नेताओं ने इन आरोपों का खंडन किया है।त्रिपुरा वाम मोर्चा के संयोजक बिजन धर ने कहा कि बिशालगढ़ में माकपा के जिला कार्यालय को पहले एक बुलडोजर से क्षतिग्रस्त किया गया और फिर आग लगा दी गई, जिससे अधिकांश संपत्ति और कागजात जलकर राख हो गए।उन्होंने यह भी कहा कि अगरतला और राज्य के अन्य स्थानों में छह वाहन और एक दर्जन से अधिक दोपहिया वाहन जला दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि बुधवार को हुए सिलसिलेवार हमलों में नेता नानी पॉल और पार्थ प्रतिम मजूमदार समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।माकपा केंद्रीय समिति के सदस्य धर ने कहा कि ‘भाजपा के गुंडों’ ने पार्टी कार्यालयों में पूर्व मुख्यमंत्री दशरथ देब और अन्य दिवंगत पार्टी नेताओं की प्रतिमा और तस्वीरों को नुकसान पहुंचाया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.