पुड्डुचेरी में कांग्रेस ने भाजपा पर धन बल का लगाया आरोप

पुड्डुचेरी में कांग्रेस ने भाजपा पर मतदाताओं को खरीदने की योजना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भगवा दल धन बल और सरकारी बल पर चुनाव लड़ना चाहता है। श्री राव ने पूर्व मुख्यमंत्री नारायणसामी के साथ संवाददाताओं से कहा कि जैसे-जैसे चुनाव की तिथियां नजदीक आ रही हैं, केन्द्रीय मंत्री अमित शाह, निर्मला सीतारमण, गिरिराज  सिंह और अर्जुन राम मेघवाल एवं भाजपा के अन्य नेता पुड्डुचेरी का बार-बार दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता पिछले पांच वर्ष तक कहां थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में पुड्डुचेरी का दौरा किया था तो उन्होंने यहां पर्यटन विकास, व्यवसाय, शिक्षा और आध्यात्मिकता पर ध्यान देने का आश्वासन दिया था। भाजपा की ओर से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के जारी किये गये घोषणा पत्र में हालांकि इन आश्वासनों को पूरा करने की कोई झलक दिखाई नहीं दी। यह एक सामान्य चुनावी घोषणापत्र है जिसमें केन्द्रशासित प्रदेश के लोगों की भलाई के लिए कुछ भी नहीं है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि पुड्डुचेरी को राज्य का दर्जा देने की कांग्रेस और द्रमुक की नीति रही है। एन आर कांग्रेस अध्यक्ष एन रंगास्वामी ने भी कहा था कि अगर पुड्डुचेरी को राज्य का दर्जा नहीं दिया गया तो उनकी पार्टी चुनावों का बहिष्कार करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में पुड्डुचेरी को राज्य का दर्जा देने के बारे में कुछ भी नहीं कहा है। अब श्री रंगास्वामी को अपने रुख साफ करना चाहिए, क्या वह पुड्डुचेरी को राज्य का दर्जा न देने के भाजपा के फैसले को स्वीकार करते हैं।

Leave a Reply