चोटिल खिलाड़ियों को लेकर भारत की परेशानियां बढ़ी

सिडनी : India’s problems with injured players are constantly increasing चोटिल खिलाड़ियों को लेकर भारत की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं और अब उसके प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पेट में खिंचाव के चलते आस्ट्रेलिया के खिलाफ 15 जनवरी से ब्रिस्बेन में होने वाले चौथे और अंतिम टेस्ट से बाहर हो सकते हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार रात बयान जारी कर बताया था कि आलराउंडर रवींद्र जडेजा अपने बाएं हाथ के अंगूठे की हड्डी टूटने के कारण चौथे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। इसके अगले दिन अब यह खबर आ रही है है कि बुमराह भी चौथे टेस्ट से बाहर हो सकते हैं। समझा जाता है कि भारतीय टीम प्रबंधन बुमराह को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता है जिनके पेट की मांसपेशियों में खिंचाव है। बुमराह इस खिंचाव के कारण सिडनी में तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में परेशानी में भी दिखाई दिए थे। बुमराह के अलावा भारत को बल्लेबाज मयंक अग्रवाल की फिटनेस को लेकर भी चिंता है जिन्हे मेलबोर्न में नेट्स में चोट लग गयी थी। इसके अलावा आफ स्पिनर रविचंद्रन आश्विन और बल्लेबाज हनुमा विहारी की फिटनेस को लेकर भी चिंता बनी हुई है। अश्विन की पीठ में खिंचाव है और उन्हें सिडनी टेस्ट में पसलियों में शार्ट पिच गेंद भी लग गयी थी जबकि हनुमा को हैमस्ट्रिंग चोट है जो उन्हें सिडनी में दूसरी पारी में सिंगल लेते समय लगी थी। अश्विन और हनुमा ने इन चोटों के बावजूद सिडनी में साहसिक बल्लेबाजी की थी और 42.4 ओवर तक बल्लेबाजी कर टेस्ट ड्रा कराया था। बुमराह तीसरे भारतीय तेज गेंदबाज है जो सीरीज के दौरान चोटिल हुए हैं। मोहम्मद शमी एडिलेड में पहले टेस्ट और उमेश यादव मेलबोर्न में दूसरे टेस्ट में चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो गए थे। इसके अलावा बल्लेबाज लोकेश राहुल नेट अभ्यास में कलाई में चोट लगाने के कारण सीरीज से बाहर हो गए और उन्हें स्वदेश लौटना पड़ा। चोटिल खिलाड़ियों की लिस्ट में अब बुमराह का नंबर आ गया है। भारत के पास तेज गेंदबाजी विभाग में अब मोहम्मद सिराज और नवदीप सैनी के अलावा शार्दुल ठाकुर और टी नटराजन रह गए हैं। सिराज के पास दो टेस्टों और सैनी के पास एक टेस्ट का अनुभव है। ठाकुर ने अपना एकमात्र टेस्ट 2018 में खेला था जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नटराजन को अपना टेस्ट पदार्पण करना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.