नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 प्रदान किए। इस दौरान बैडमिंटन खिलाड़ी त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद, शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख और विदित गुजराती तथा डेकाथलॉन एथलीट तेजस्विन शंकर समेत 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हालांकि, इस बार किसी भी खिलाड़ी को देश का सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार नहीं दिया गया। वर्ष 2014 के बाद यह पहला मौका है, जब यह प्रतिष्ठित सम्मान किसी खिलाड़ी को नहीं मिला।
अर्जुन पुरस्कार पाने वालों में विश्व कप विजेता शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख, शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य विदित गुजराती, राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता तेजस्विन शंकर और बैडमिंटन की महिला युगल जोड़ी त्रिशा जॉली व गायत्री गोपीचंद प्रमुख रहे।
इनके अलावा एथलेटिक्स में मुहम्मद अजमल वरियाथोडी और प्रियंका गोस्वामी, मुक्केबाजी में नरेंद्र बेरवाल, हॉकी में तालरेमसियामी हर्जोर्ट और राजकुमार पाल, कबड्डी में सुरजीत और पूजा, रोइंग में अरविंद सिंह तथा निशानेबाजी में अखिल श्योराण को अर्जुन पुरस्कार दिया गया। पैरा खेलों में एकता भ्यान, रुद्रांश खंडेलवाल और पैरा निशानेबाज धनुष श्रीकांत को भी इस सम्मान से नवाजा गया।
दिव्या देशमुख ने वर्ष 2025 में फिडे महिला विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था। वह यह खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। फाइनल में उन्होंने अनुभवी भारतीय खिलाड़ी कोनेरू हम्पी को रैपिड टाई-ब्रेक में 1.5-0.5 से हराया था। वहीं, तेजस्विन शंकर ने राष्ट्रमंडल खेलों की डेकाथलॉन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इस स्पर्धा में पदक हासिल करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनने का गौरव प्राप्त किया था।
समारोह में फुटबॉल खिलाड़ी इसायाह अरुमनायगम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) प्रदान किया गया। एथलेटिक्स कोच परवीर सिंह, मुक्केबाजी कोच छोटे लाल यादव और निशानेबाजी कोच नेहा नंदकुमार चव्हाण को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, मुक्केबाजी कोच धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती कोच वीरेंद्र कुमार को द्रोणाचार्य पुरस्कार की लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में सम्मान मिला।
इसके अलावा पुणे की आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया। समारोह में तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
खेल पुरस्कारों का इतिहास भी काफी महत्वपूर्ण है। अर्जुन पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 1961 में हुई थी। इसके तहत खिलाड़ियों को 15 लाख रुपये की नकद राशि, कांस्य प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। वहीं, द्रोणाचार्य पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 1985 में हुई थी। यह सम्मान खेलों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रशिक्षकों को प्रदान किया जाता है।

