After Header-1

कुलगाम में CRPF पोस्ट पर हमले के बाद बड़ा एक्शन, कई संदिग्ध हिरासत में

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की पोस्ट पर हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। हमले की जांच और आतंकवादियों की तलाश के लिए सुरक्षाबलों ने व्यापक अभियान छेड़ रखा है। इस सिलसिले में पुलिस ने पूछताछ के लिए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। वहीं, पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

सुरक्षा के मद्देनजर कुलगाम के विभिन्न इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है और संवेदनशील स्थानों पर बख्तरबंद वाहनों की तैनाती की गई है। सुरक्षा जांच चौकियों पर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सुरक्षाबल लगातार निगरानी कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने सीआरपीएफ की एक पोस्ट को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की थी। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश में तलाशी अभियान शुरू किया। शुक्रवार को तीसरे दिन भी यह अभियान जारी रहा। सुरक्षाबल आतंकियों के संभावित ठिकानों और उनके मददगारों की तलाश में जुटे हुए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, इस अभियान में सुरक्षा एजेंसियां मानवीय खुफिया जानकारी के साथ-साथ तकनीकी इनपुट का भी सहारा ले रही हैं। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि हमले से जुड़े सुराग जुटाए जा सकें और आतंकियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

इस बीच, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कुलगाम के अलावा श्रीनगर सहित कश्मीर घाटी के अन्य जिलों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और अर्धसैनिक बलों की ओर से विभिन्न स्थानों पर वाहनों की रैंडम जांच की जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और आतंकियों की तलाश में अभियान लगातार जारी है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.