माघ मेला क्षेत्र में प्रवेश के लिये कोरोना टेस्ट अनिवार्य

लखनऊ : स्वास्थ्य सुरक्षा के लिहाज से माघ मेला 2020-21 में आने वाले श्रद्धालुओं के लिये कोरोना टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने  कहा कि माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं विशेषकर कल्पवासियों एवं संतों के लिए उच्च स्तर की व्यवस्था करते हुए सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी जायें। अपने सरकारी आवास पर प्रयागराज में आयोजित होने वाले माघ मेले 2020-21 की तैयारियों की समीक्षा करते हुये श्री योगी ने निर्देश दिए कि कल्पवासियों की सुरक्षा के सभी प्रबन्ध किए जाएं। मेला क्षेत्र में सुविधाएं मुहैया कराए जाने तथा सुरक्षा के सम्बन्ध में कोई समझौता न किया जाए। माघ मेले में आने वाले कल्पवासियों के लिए स्वच्छता, सैनेटाइजेशन का पूर्ण प्रबन्ध सुनिश्चित किया जाए। उन्होने कहा कि कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए माघ मेले में आने वाले कल्पवासियों के लिए मेला क्षेत्र में प्रवेश से पहले कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए आरटीपीसीआर पद्धति से कोविड टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट को अनिवार्य किया जाए। कल्पवास पर आने वाले श्रद्धालु यह टेस्ट मेला क्षेत्र में आने से तीन दिन पहले करवा लें, ताकि उन्हें रिपोर्ट मिल जाए और वे इसके नेगेटिव होने के आधार पर वे प्रवेश पा सकें। साथ ही, मेला क्षेत्र में रहने वाले कल्पवासियों का उनके प्रवास के दौरान कम से कम दो बार रैपिड एंटीजन टेस्ट भी करवाया जाये। जो कल्पवासी को-मॉर्बिडिटी से ग्रस्त हों, वे अपने स्वास्थ्य के मद्देनजर कल्पवास के सम्बन्ध में स्वयं निर्णय लें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के प्रति अत्यन्त संवेदनशील है। समीक्षा बैठक के दौरान कोविड-19 महामारी की व्यापकता के दृष्टिगत माघ मेले के आकार पर भी विचार किया गया। माघ मेले के दौरान पौष पूर्णिमा, मकर संक्रान्ति, मौनी अमावस्या, बसन्त पंचमी, माघ पूर्णिमा एवं महाशिवरात्रि आदि के विशेष स्रान पर्वाें पर किये जाने वाले प्रबन्धों के सम्बन्ध में भी विचार-विमर्श किया गया। माघ मेले के शिविरों के निर्धारण, सोशल डिस्टेंंसग का अनुपालन करने के लिये उठाए जाने वाले कदमों, कल्पवासियों की संख्या के अवधारण, शिविरों एवं स्रान घाटों पर भीड़ के प्रबंधन के लिये तैयारी, मेला क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन को नियंत्रित किये जाने के लिये उठाए जाने वाले कदम तथा मेले के दौरान गंगा नदी में जल के बहाव और स्वच्छ पानी की उपलब्धता के विषय में भी मुख्यमंत्री ने जरूरी निर्देश दिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.