परिसीमन विधेयक पर विपक्षी एकता की कवायद तेज, स्टालिन और शरद पवार को मनाने चेन्नई-मुंबई जाएंगे सोनिया, राहुल और खरगे
नई दिल्ली, 29 नवंबर। केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विधेयक पर एकजुट होकर विरोध करने की रणनीति बनाने के लिए कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेताओं को मैदान में उतारा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित विपक्षी नेताओं का प्रतिनिधिमंडल रविवार को पहले चेन्नई में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और फिर मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात करेगा।
दरअसल, डीएमके और शरद पवार की पार्टी ने प्रस्तावित विधेयक को समर्थन देने के संकेत दिए हैं, जबकि कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल इसका विरोध कर रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व की कोशिश है कि दोनों नेताओं को विपक्ष की साझा रणनीति के पक्ष में लाया जाए।
राहुल गांधी ने स्टालिन से की विरोध की अपील
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि इंडी गठबंधन के वरिष्ठ नेता चेन्नई जाकर एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे और डीएमके से परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने का अनुरोध करेंगे।
उन्होंने आशंका जताई कि लोकसभा की सीटें 850 तक बढ़ाने का प्रस्ताव भाजपा और आरएसएस को चुनावी नक्शे में अपने हित के अनुसार बदलाव करने का अवसर दे सकता है। राहुल ने कहा कि राष्ट्रीय हित, तमिलनाडु के हित और संविधान की रक्षा के लिए सभी विपक्षी दलों का एक साथ आना जरूरी है।
इस पर एमके स्टालिन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि डीएमके ने हमेशा तमिलनाडु और तमिल लोगों के हितों को प्राथमिकता दी है। संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी अपनी प्रतिबद्धता से पीछे नहीं हटेगी।
संसद के विशेष सत्र से पहले बढ़ी राजनीतिक सक्रियता
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित है। इससे पहले शनिवार को मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर इंडी गठबंधन के फ्लोर लीडर्स की बैठक हुई थी, जिसमें प्रस्तावित विधेयक का विरोध करने पर सहमति बनी।
हालांकि, डीएमके ने अपने सांसदों की बैठक के बाद विधेयक को समर्थन देने का फैसला किया था। पार्टी का कहना है कि संशोधित प्रस्ताव में तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में आनुपातिक वृद्धि और राज्यों के प्रतिनिधित्व का अनुपात बनाए रखने संबंधी मांगों को जगह दी गई है।
मुंबई में शरद पवार से भी होगी मुलाकात
विपक्षी एकता की इस मुहिम में ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल और अन्य दलों के नेता भी सक्रिय हैं। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने भी विपक्षी एकजुटता जारी रहने की बात कही है।
अब सबकी नजरें चेन्नई और मुंबई में होने वाली इन मुलाकातों पर टिकी हैं। देखना होगा कि कांग्रेस नेतृत्व डीएमके और शरद पवार की पार्टी को अपनी साझा रणनीति के साथ लाने में कितना सफल रहता है।

