मसूरी, 29 नवंबर। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 175 पर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 140वां संस्करण सुना। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की ओर से साझा किए गए विचारों और संदेशों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम के बाद कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देशवासियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा उन्हें निभाने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस मंच के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों, नए प्रयोगों और सकारात्मक बदलाव लाने वाले प्रयासों को सामने लाते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरणादायक उदाहरणों से दूसरे लोगों को भी समाजहित में काम करने की प्रेरणा मिलती है। इससे सामाजिक सहभागिता, सकारात्मक सोच और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ, सकारात्मक व अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। युवाओं को अपनी ऊर्जा का उपयोग रचनात्मक और राष्ट्रहित के कार्यों में करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन को खोजने और वापस पाने के लिए ‘संचार साथी’ पोर्टल की सुविधाओं के उपयोग के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। इस तरह की डिजिटल सुविधाएं आम नागरिकों के लिए उपयोगी साबित हो सकती हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचारों और संदेशों को केवल सुनने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और जीवन में भी अपनाना चाहिए। प्रत्येक नागरिक को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष मंजीत रावत, मोहन पेटवाल, सतीश ढौंडियाल, अमरदेव भट्ट और आशीष जोशी सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

