After Header-1

हरिद्वार के मोक्ष धाम भजनानंद आश्रम को बेचने की कोशिश का आरोप, 71 लाख रुपये बयाना लेने का दावा

हरिद्वार, 29 नवंबर। धर्मनगरी हरिद्वार के उत्तरी क्षेत्र स्थित मुखिया गली के मोक्ष धाम भजनानंद आश्रम को लेकर विवाद गहरा गया है। आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष भगत ऋषि राम ने एक व्यक्ति पर फर्जी ट्रस्ट बनाने, आश्रम की संपत्ति बेचने का सौदा करने और अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग सरकार से की है।

प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान भगत ऋषि राम ने बताया कि वर्ष 2021 में आश्रम के तत्कालीन अध्यक्ष और उनके गुरु अमरदेव महाराज ने उन्हें ट्रस्ट का अध्यक्ष नियुक्त किया था। उन्होंने बताया कि अमरदेव महाराज काफी समय पहले साहिल उर्फ गोपाल हरि निवासी पटवा, रोहतक को आश्रम लेकर आए थे। उस समय वह काफी छोटा था।

भगत ऋषि राम के अनुसार, गोपाल हरि को आश्रम में रहने की अनुमति दी गई थी, लेकिन उसे शिष्य नहीं बनाया गया था। अमरदेव महाराज के निधन के बाद उसकी देखभाल और रहने के लिए आश्रम में दो कमरे दिए गए थे।

फर्जी ट्रस्ट बनाकर आश्रम बेचने की कोशिश का आरोप

भगत ऋषि राम ने आरोप लगाया कि बाद में गोपाल हरि ने आश्रम को बेचने की कोशिश शुरू कर दी। इसके लिए उसने कथित तौर पर आश्रम के नाम से एक अलग ट्रस्ट भी बना लिया, जिसमें सात लोगों को सदस्य बनाया गया।

उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की जानकारी तब सामने आई, जब कथित ट्रस्ट से जुड़े एक व्यक्ति का पड़ोसी हरीश के साथ लेनदेन को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद हरीश ने उन्हें आश्रम से जुड़ी गतिविधियों और कथित सौदेबाजी के बारे में जानकारी दी।

71 लाख रुपये बयाने में लेने का दावा

ट्रस्ट अध्यक्ष ने दावा किया कि आश्रम का करोड़ों रुपये में सौदा किया गया है और गोपाल हरि करीब 71 लाख रुपये बयाने के तौर पर ले चुका है। उन्होंने कहा कि उनके पास इस संबंध में साक्ष्य मौजूद हैं और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

भगत ऋषि राम ने सरकार और संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि आश्रम की संपत्ति और ट्रस्ट से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सके।

पत्रकार वार्ता में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राकेश सेठी और अशोक शर्मा भी मौजूद रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.