हरिद्वार। नशे की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को बहादराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर गंगनहर किनारे जंगल में झाड़ियों के पीछे छिपाकर रखी गईं 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई से बहादराबाद क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के पांच मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, जिले में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी के निर्देश पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उपनिरीक्षक विकास रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इस दौरान लोहे के पुल के पास गंगनहर की ओर जाने वाले सुनसान कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर वाहन के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका।
पूछताछ में आरोपी की पहचान दीपक (27), पुत्र सुंदर लाल, निवासी ग्राम तेलीवाला रसूलपुर, थाना पिरान कलियर, हरिद्वार के रूप में हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसके पास मौजूद मोटरसाइकिल आराध्या नर्सिंग होम, बहादराबाद के पास से चोरी की गई थी।
इसके बाद पुलिस ने उससे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि वह स्मैक का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी की गई बाइकों को वह गंगनहर किनारे जंगल में सुनसान जगह पर झाड़ियों के पीछे छिपा देता था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर नौ अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। इनमें से पांच बाइक बहादराबाद कोतवाली में दर्ज चोरी के पांच मुकदमों से संबंधित पाई गईं, जबकि अन्य पांच मोटरसाइकिलों के स्वामित्व और चोरी से जुड़े तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी पिरान कलियर और भगवानपुर थाना क्षेत्रों में वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में बीएनएस की धारा 317(2) बढ़ाई गई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

