After Header-1

लोक भवन में रंगों की बहार: राज्यपाल और मुख्यमंत्री संग नेताओं ने खेली होली

राजधानी देहरादून स्थित लोक भवन में होली के पावन अवसर पर हर्षोल्लास और उत्साह के साथ होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। रंगों और खुशियों से सराबोर इस आयोजन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित प्रदेश के कई प्रमुख नेता, अधिकारी और गणमान्य लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और गणेश जोशी भी उपस्थित रहे। इसके साथ ही प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ तथा राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, समाजसेवी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।

होली मिलन समारोह के दौरान सभी अतिथियों ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सभी ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। लोक भवन का माहौल रंगों, संगीत और उत्सव की उमंग से पूरी तरह सराबोर नजर आया।

इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने सभी प्रदेशवासियों और देशवासियों को होली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली का पर्व हमारे जीवन में आनंद, प्रेम और उल्लास का संदेश लेकर आता है। यह पर्व सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक है, जो लोगों को आपस में जोड़ने का कार्य करता है।

राज्यपाल ने कहा कि रंगों का यह त्योहार हमें एकता और सौहार्द का संदेश देता है। जिस प्रकार विभिन्न रंग मिलकर सुंदरता का निर्माण करते हैं, उसी तरह समाज के विभिन्न वर्ग मिलकर एक मजबूत और समृद्ध समाज का निर्माण करते हैं।

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि होली आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करती है।

मुख्यमंत्री ने कामना की कि रंगों का यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता लेकर आए तथा उत्तराखण्ड निरंतर विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ता रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.