अमित शाह की हरिद्वार रैली को लेकर तेज हुई तैयारियां, विधायक सविता कपूर ने कार्यकर्ताओं को दिया बड़ा संदेश
भारतीय जनता पार्टी की आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कैंट विधायक सविता कपूर ने अपने कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक विशेष बैठक आयोजित कर 7 मार्च को हरिद्वार में होने वाली केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा को सफल बनाने की अपील की।
देहरादून के 230, इंदिरा नगर स्थित विधायक कार्यालय में आयोजित इस बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य हरिद्वार में आयोजित होने वाली जनसभा को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार करना और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सविता कपूर ने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी संगठन पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। उन्होंने कहा कि चुनाव की रणभेरी बज चुकी है और अब सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटना होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में हरिद्वार पहुंचकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने में योगदान दें। विधायक ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन का सिपाही है और संगठन को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
सविता कपूर ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के सहयोग से भाजपा लगातार मजबूत हो रही है और आने वाले समय में भी पार्टी जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से जनसभा की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुमित पांडे, मंडल महामंत्री शेखर नौटियाल, विकास बेनवाल, मंडल उपाध्यक्ष संतोष कोठियाल, प्रदेश प्रवक्ता कुंवर जपेन्दर सिंह तथा मंडल प्रभारी रतन सिंह चौहान सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने भी जनसभा को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का संकल्प लिया।