संजय नगर खेड़ा में विकास की नई शुरुआत, महापौर ने किया मार्ग-नाला निर्माण का शिलान्यास

रुद्रपुर।  वार्ड नंबर 11 के अंतर्गत संजय नगर खेड़ा क्षेत्र में वर्षों से लंबित मार्ग और नाला निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास महापौर विकास शर्मा ने क्षेत्रीय पार्षद नीतू राय के साथ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों ने महापौर का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया और विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

महापौर ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड और गली तक पक्की सड़कों का जाल बिछाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नाला निर्माण से क्षेत्र में जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी। पार्षद नीतू राय के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्य क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हो रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा घोषित शिव कॉरिडोर योजना से संजय नगर खेड़ा क्षेत्र को विशेष लाभ मिलेगा। यहां 51 फीट ऊंची महादेव प्रतिमा स्थापित की जाएगी, भव्य द्वार का निर्माण होगा और नीलकंठ धाम को आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। साथ ही भविष्य में वृद्धाश्रम और कामकाजी महिलाओं के बच्चों की देखरेख के लिए सेंटर भी स्थापित किया जाएगा।

महापौर ने जीर्ण-शीर्ण मैदान के सौंदर्यीकरण, मिट्टी भरान, ओपन जिम और बच्चों के लिए झूले लगाने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि इन विकास योजनाओं से संजय नगर खेड़ा आने वाले समय में धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरेगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.