बृजभूषण सिंह के बरी होने पर विनेश फोगाट का बड़ा ऐलान, अब आगे क्या?

नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली की अदालत से बरी किए जाने के बाद महिला पहलवानों ने इस फैसले को उच्च अदालत में चुनौती देने का निर्णय लिया है। विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता पहलवान विनेश फोगाट ने सोमवार को कहा कि महिला पहलवान जल्द ही फैसले के खिलाफ अपील दायर करेंगी।

दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को महिला पहलवानों की ओर से दर्ज कराए गए यौन उत्पीड़न मामले में बृजभूषण शरण सिंह और डब्ल्यूएफआई के पूर्व सहायक सचिव विनोद तोमर को दोषमुक्त कर दिया। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्विनी पंवार ने दोनों आरोपितों को बरी करने का फैसला सुनाया।

अदालत के फैसले के बाद विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने कहा कि महिला पहलवानों ने अपने वकीलों को फैसले के खिलाफ अपील दाखिल करने के निर्देश दिए हैं और जल्द ही कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विनेश ने कहा कि महिला पहलवानों ने उम्मीद नहीं छोड़ी है और न्याय के लिए उनकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

विनेश फोगाट ने फैसले पर दुख जताते हुए आरोप लगाया कि मामले की शुरुआत से ही बृजभूषण सिंह को बचाने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि महिला पहलवानों को न्याय पाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा और एक प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ा।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बृजभूषण सिंह ने अपने राजनीतिक प्रभाव और ताकत का इस्तेमाल कर कुछ महिला पहलवानों पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया। हालांकि, उनके अनुसार, कई महिला पहलवान अपने आरोपों और कानूनी लड़ाई पर कायम रहीं।

विनेश ने कहा कि अदालत के मौजूदा फैसले से महिला पहलवान पीछे हटने वाली नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब उच्च अदालत में अपील के जरिए फैसले को चुनौती दी जाएगी और न्याय मिलने तक कानूनी लड़ाई जारी रखी जाएगी।

मामले में अदालत के फैसले के बाद अब महिला पहलवानों की अगली कानूनी रणनीति पर सबकी नजर है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.