रुद्रपुर में भाजपा का बढ़ा कुनबा, कई जनप्रतिनिधियों ने थामा कमल का दामन

रुद्रपुर। प्रदेश में भाजपा का सदस्यता अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। इसी क्रम में रुद्रपुर क्षेत्र से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। यह कार्यक्रम हल्द्वानी स्थित भाजपा संभाग कार्यालय में आयोजित किया गया, जहां प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की उपस्थिति में सभी ने पार्टी का दामन थामा।

सदस्यता ग्रहण करने वालों में निर्दलीय रुद्रपुर ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, ज्येष्ठ प्रमुख संजय सिंह, कनिष्ठ प्रमुख भारती देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य नितिन यादव, रुचि पाल, जय नारायण, मोहम्मद आरफीन तथा ग्राम प्रधान दीपिका देवी सहित विभिन्न दलों से जुड़े कई जनप्रतिनिधि शामिल रहे। इन सभी ने भाजपा की जनहितकारी नीतियों और विकासवादी सोच पर विश्वास जताते हुए पार्टी में आस्था व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों से प्रभावित होकर लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने इसे पार्टी की बढ़ती स्वीकार्यता और जनविश्वास का प्रमाण बताया।

इस अवसर पर किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने नवसदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि उनके जुड़ने से संगठन और अधिक सशक्त होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए साथियों के सहयोग से पार्टी की नीतियां और योजनाएं जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचेंगी।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, पिथौरागढ़ जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, उधमसिंहनगर जिला महामंत्री तरुण दत्ता सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निकाय और पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों का भाजपा में शामिल होना आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.