किच्छा। जिला ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारी **नितिन सिंह भदौरिया** ने किच्छा में निर्माणाधीन **एम्स किच्छा** का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और कार्यदायी संस्था को काम में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने **नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी (एनसीसी)** के महाप्रबंधक शंकर बालू को निर्देशित किया कि श्रमिकों की संख्या और निर्माण उपकरण बढ़ाकर कार्यों को गति दी जाए, ताकि चिकित्सालय का कार्य आगामी माह मई तक पूरा किया जा सके। उन्होंने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के अभियंता को भी मेडिकल उपकरणों और फर्नीचर की खरीद के लिए फर्मों को शीघ्र आदेश जारी करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल भवन के साथ-साथ इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इसके अलावा निर्माणाधीन मेडिकल एवं नर्सिंग स्टाफ आवासों का भी जायजा लिया। उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
एनसीसी के अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल भवन के दो फ्लोर का कार्य मई तक पूरा कर लिया जाएगा, जबकि शेष कार्य जुलाई तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। मेडिकल और नर्सिंग स्टाफ के आवासीय भवनों का 80 से 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। अस्पताल भवन की पेंटिंग के लिए रंगों की स्वीकृति भी मिल गई है और निर्माण पूर्ण होते ही पेंटिंग कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
साथ ही मेडिकल उपकरणों का ऑर्डर जारी कर दिया गया है और फर्नीचर के सैंपल स्वीकृति की प्रक्रिया में हैं। जिलाधिकारी ने एसटीपी और ड्रेनेज कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।