देहरादून। सेना में लागू अग्निवीर भर्ती योजना के विरोध में **भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस** के उत्तराखंड पूर्व सैनिक विभाग द्वारा आयोजित राज्यव्यापी हस्ताक्षर अभियान यात्रा का तीसरा चरण संपन्न हो गया। इस अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में विभाग के प्रदेश अध्यक्ष **कर्नल राम रतन नेगी** ने आंदोलन की रूपरेखा और उद्देश्य पर विस्तार से जानकारी दी।
कर्नल नेगी के नेतृत्व में 20 से 25 फरवरी तक चली इस यात्रा को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष **करण माहरा** ने पार्टी मुख्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यात्रा रथ का सहसपुर, विकासनगर, उत्तरकाशी, बड़कोट, टिहरी और नरेंद्र नगर सहित कई स्थानों पर स्वागत किया गया।
विकासनगर में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष **प्रीतम सिंह** और अन्य पदाधिकारियों ने यात्रा का स्वागत किया, जबकि टिहरी के प्रतापनगर में विधायक बिक्रम सिंह नेगी ने समर्थन जताया। मसूरी में पूर्व विधायक जोत सिंह घुनसोला और नगर अध्यक्ष अमित गुप्ता सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी यात्रा में भागीदारी की।
कर्नल नेगी ने जनसभाओं में अग्निपथ/अग्निवीर योजना का विरोध करते हुए कहा कि कांग्रेस सैनिकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को गांव-गांव तक पहुंचाकर व्यापक जनसमर्थन जुटाएगी।
पत्रकार वार्ता में डॉ. हरक सिंह रावत, लेफ्टिनेंट गोपाल सिंह गाड़िया, डॉ. प्रतिमा सिंह, अमरजीत सिंह, शीशपाल बिष्ट और विनोद चौहान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कांग्रेस का कहना है कि यह आंदोलन पूर्व सैनिकों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए आगे भी जारी रहेगा।