नानकमत्ता। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नानकमत्ता पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सिद्धा नवदिया क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक महिला सहित दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 14 ग्राम स्मैक बरामद की है।
कोतवाली निरीक्षक मंजू पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात पुलिस टीम सिद्धा नवदिया के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक और महिला संदिग्ध अवस्था में आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली, तो उनके पास से लगभग 14 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सोनू सिंह (20) पुत्र बलविंदर सिंह और सुनीता कौर (24) पत्नी सुखविंदर सिंह, दोनों निवासी पुरानगढ़ नौगजा, नानकमत्ता के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में नशा तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही है ताकि युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सके।
इस कार्रवाई में प्रतापपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत, अपर उपनिरीक्षक हरीश चंद्र, कांस्टेबल नवीन जोशी, नीरज नेगी और महिला कांस्टेबल कमला गोस्वामी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।