सोशल मीडिया पोस्ट से भड़का आक्रोश, विधायक संग कोतवाली पहुंचे सैकड़ों लोग

रुद्रपुर। सोशल मीडिया पर भगवान राम और माता सीता के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा के प्रयोग का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के बाद हिंदू समाज में गहरा आक्रोश देखने को मिला। आक्रोशित लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि ‘आकाश बाबू’ नामक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भगवान श्रीराम और माता सीता के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुई, क्षेत्र में विरोध शुरू हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए रुद्रपुर के विधायक **शिव अरोरा** हिंदू संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंचे।

विधायक ने कोतवाल मोहन पांडेय से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की जानकारी दी और कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में तनाव पैदा कर सकती हैं, इसलिए समय रहते सख्त कदम उठाना आवश्यक है।

विधायक शिव अरोरा ने यह भी बताया कि जिस कंपनी में संबंधित व्यक्ति कार्यरत है, उसके उच्च अधिकारियों से भी बातचीत की जाएगी, ताकि उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान बंगाली महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार शाह, गो रक्षा दल के जिला महामंत्री राधे श्रीवास्तव, पार्षद एमपी मौर्य सहित कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस ने मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.