After Header-1

देहरादून में पेट्रोल पंप जलाने की साजिश नाकाम, एक आरोपी गिरफ्तार

देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप पर आग लगाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 17 फरवरी 2026 की बताई जा रही है, जब शिमला बाईपास रोड स्थित राजेश फ्यूल पेट्रोल पंप पर डंपर सवार तीन व्यक्तियों ने अपने वाहन में डीजल भरवाया। डीजल भरवाने के बाद भुगतान को लेकर उनका पेट्रोल पंप कर्मचारियों से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते बढ़ गया।

इसी दौरान मोटरसाइकिल संख्या यूके-07-बीजे-0090 से पहुंचे एक व्यक्ति ने माहौल को और बिगाड़ दिया। आरोप है कि उसने पेट्रोल पंप पर आग लगाने की कोशिश की और वहां मौजूद कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पेट्रोल पंप स्वामी राजेश अग्रवाल निवासी पंडितवाड़ी, प्रेमनगर ने कोतवाली पटेलनगर में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 146/2026 धारा 327(2)/62/351(20) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने तत्काल पुलिस टीम को घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस को सफलता मिली। घटना में शामिल एक आरोपी अनस पुत्र अकरम को 22 फरवरी 2026 को मोहिनी रोड, रिस्पना नदी के पास चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.