देहरादून में बनेगा हाईटेक डॉग शेल्टर, मेयर ने एबीसी सेंटर का किया निरीक्षण

देहरादून में पशु संरक्षण और नियंत्रण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में नगर निगम ने महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है। महापौर सौरभ थपलियाल ने केदारपुर क्षेत्र में संचालित एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर एवं कांजी हाउस गौशाला का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता मानकों और पशु कल्याण से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय मानकों और समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम पशु संरक्षण को लेकर पूरी तरह गंभीर है और शहर में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

महापौर ने बताया कि एक आधुनिक डॉग शेल्टर के निर्माण के लिए स्थान चिह्नित कर लिया गया है। यह शेल्टर माननीय उच्चतम न्यायालय की गाइडलाइन के अनुरूप बनाया जाएगा। वर्तमान में डॉग कैनल की संख्या 72 से बढ़ाकर 300 करने की प्रक्रिया चल रही है। विशेष रूप से अति आक्रामक श्वानों को सुरक्षित रूप से रखने की व्यवस्था भी शीघ्र शुरू की जाएगी, जिससे शहर में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर नगर आयुक्त नमामी बंसल, पशु चिकित्सक डॉ. वरुण अग्रवाल तथा नगर निगम के निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महापौर को निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि नगर निगम देहरादून शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। एबीसी सेंटर और डॉग शेल्टर जैसी व्यवस्थाएं न केवल पशुओं के संरक्षण में सहायक होंगी, बल्कि नागरिकों और पशुओं के बीच संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.