हल्द्वानी की बेटी ने जेईई मेन्स में मचाया धमाल, 99.36 पर्सेंटाइल से रचा इतिहास

हल्द्वानी। शहर की होनहार छात्रा जिज्ञासा गंगवार ने जेईई मेन्स परीक्षा में 99.36 पर्सेंटाइल प्राप्त कर विद्यालय और नगर का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से पूरे विद्यालय परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है।

बियरशिबा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी की छात्रा जिज्ञासा ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। जेईई मेन्स देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में से एक मानी जाती है, जिसमें हर वर्ष लाखों विद्यार्थी शामिल होते हैं। ऐसे में 99.36 पर्सेंटाइल प्राप्त करना उनकी मेहनत, लगन और समर्पण को दर्शाता है।

विद्यालय की संस्थापक प्रबंधक निरूपमा भट्ट तलवार, प्रबंधक तिलक राज तलवार, प्रधानाचार्या मीना सती, उप-प्रधानाचार्य एच. एस. बब्बर, प्रशासक निशा सिंह, सलाहकार के. दत्त, विभागाध्यक्ष अनीता बिष्ट और कक्षा अध्यापिका शोभा नियोलिया सहित समस्त शिक्षकों ने जिज्ञासा और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने कहा कि जिज्ञासा शुरू से ही मेधावी और अनुशासित छात्रा रही हैं।

जिज्ञासा गंगवार ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के सकारात्मक और सहयोगी वातावरण, शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन तथा माता-पिता के प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास उनकी सफलता की कुंजी रहे।

विद्यालय प्रशासन ने उम्मीद जताई कि जिज्ञासा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उच्च संस्थानों में प्रवेश प्राप्त करेंगी और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.