गदरपुर। जंगल गश्त के दौरान वन विभाग की टीम पर की गई जानलेवा फायरिंग के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के चार दिन बाद की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत की सांस ली जा रही है।
बरहनी वन प्रभाग के वन दरोगा ठाकुर दत्त ध्यानी के अनुसार 14 फरवरी की रात वन विभाग की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान जंगल क्षेत्र में पांच मोटरसाइकिल संदिग्ध अवस्था में दिखाई दीं, जिन पर खैर की लकड़ी लदी हुई थी। टीम ने मोटरसाइकिल सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि इसी बीच दलजीत सिंह उर्फ डल्लू और उसके साथियों ने वन कर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली बाजपुर में दलजीत सिंह समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए ऊधम सिंह नगर के एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
लगातार दबिश के बाद 18 फरवरी की देर रात पुलिस ने नामजद आरोपी दलजीत सिंह उर्फ डल्लू को बरहनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर हरसान कपकोट रोड के पास झाड़ियों से एक 12 बोर की बंदूक बरामद की गई। आरोपी ने बताया कि इसी हथियार से वन विभाग की टीम पर फायरिंग की गई थी।
पुलिस ने बरामद हथियार को कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना ने वन तस्करी और अवैध कटान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

