रानीखेत में ‘फीफा फुटबॉल फॉर स्कूल’ की धमक, छात्रों ने दिखाया शानदार खेल कौशल

रानीखेत।  विद्यार्थियों में फुटबॉल के प्रति रुचि विकसित करने और खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय ताड़ीखेत में ‘फीफा फुटबॉल फॉर स्कूल’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद अल्मोड़ा के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

समारोह की मुख्य अतिथि सोनी भगत रहीं। उनके सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में एपीएस स्कूल रानीखेत, केवी रानीखेत, राइका शेर, राइका लोधियाखान, राइका ताड़ीखेत, राप्रावि चिलियानौला और राइका जैनोली के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के तहत एक किक-ऑफ फुटबॉल मैच भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी विद्यालयों को फुटबॉल वितरित की गईं, ताकि छात्र नियमित अभ्यास कर सकें और खेल के प्रति उनकी रुचि और बढ़े। विद्यालय प्रभारी प्रधानाचार्य रेशमा मेहरा ने मुख्य अतिथि, सभी प्रतिभागी विद्यालयों और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मंच संचालन शिक्षक डीसी जोशी ने किया। कार्यक्रम में कार्यालय अधीक्षक तपेश कांडपाल, लखन सिंह राणा, आदिल खान, सलीम अहमद, नवीन शर्मा और इफ्तिखार अहमद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

विद्यालय प्रशासन ने इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस आयोजन से न केवल फुटबॉल के प्रति जागरूकता बढ़ी, बल्कि छात्रों में टीम वर्क, अनुशासन और खेल भावना को भी मजबूती मिली।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.