नैनीताल। उत्तराखंड की न्यायिक राजधानी माने जाने वाले नैनीताल हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया। इससे पहले जिला न्यायालय को भी धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क थीं। ताजा धमकी के बाद पुलिस ने हाईकोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है।
सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं तथा आने-जाने वाले लोगों और उनके सामान की गहन जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि 16 और 17 फरवरी को भी जिला कोर्ट को धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए थे, जिसके कारण न्यायिक कार्य प्रभावित हुआ था। अब तीसरी बार धमकी मिलने से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल न्यायिक कार्य सुचारू रूप से जारी है, लेकिन एहतियातन हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।
पुलिस साइबर सेल की मदद से धमकी भरे ईमेल के स्रोत की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लगातार मिल रही धमकियों के चलते आम नागरिकों और अधिवक्ताओं में चिंता का माहौल है। हालांकि प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा एजेंसियों के साथ सहयोग करने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।