जनता दर्शन में 163 शिकायतें: विधवा को मिली मदद, बुजुर्ग दंपति के लिए तुरंत कार्रवाई

देहरादून। कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी **सविन बंसल** की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन एवं जनसुनवाई कार्यक्रम में कुल 163 शिकायतें दर्ज की गईं। भूमि विवाद, अतिक्रमण, भरणपोषण, बैंक ऋण और आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों पर डीएम ने अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

इंद्रानगर निवासी विधवा सुनीता ने पति की मृत्यु के बाद आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए तीन बच्चों के पालन-पोषण के लिए सहायता की गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारी शस्त्र को रायफल क्लब फंड से आर्थिक मदद देने और जिला समाज कल्याण अधिकारी को विधवा पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

रेसकोर्स क्षेत्र की एक बुजुर्ग महिला ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र उन्हें घर में रहने नहीं दे रहे और मारपीट कर घर से निकाल दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने मौके पर ही भरणपोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ऐसे पांच से अधिक मामले दर्ज हुए।

दौड़वाला निवासी 81 वर्षीय कान्ता देवी ने संपत्ति हड़पने और बैंक खाते से धोखाधड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि नातिन के पति ने विश्वास में लेकर संपत्ति अपने नाम करवा ली और बैंक खाते से धनराशि ऑनलाइन ट्रांसफर कर ली। वर्ष 2024 में संदिग्ध परिस्थितियों में नातिन की मृत्यु भी हो गई। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी न्याय को आवश्यक जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए।

कारगी चौक निवासी दुर्गा प्रसाद नौटियाल ने सीवर लाइन बिछाने में उनके मकान को छोड़ देने की शिकायत की, जिस पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को जांच कर समाधान के निर्देश दिए गए।

विधाता एन्क्लेव निवासी सुरेश चौहान ने विद्युत पोल शिफ्टिंग में देरी की शिकायत की। डीएम ने एक्शियन विद्युत से विलंब का कारण पूछते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

सेवानिवृत्त अध्यापिका सुशीला नेगी ने स्कूल प्रशासन द्वारा उत्पीड़न की शिकायत की, जिस पर मुख्य शिक्षा अधिकारी को 20 फरवरी तक जांच रिपोर्ट देने को कहा गया।

विकासनगर के छरबा क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण की शिकायत पर उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित कर 10 दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में आए सभी प्रकरणों पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी अवश्य दी जाए।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.