देहरादून। उत्तराखंड को खेल भूमि के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। खेल मंत्री **रेखा आर्य** ने विभागीय अधिकारियों को प्रदेश में स्पोर्ट्स स्कूल की अवधारणा पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कम उम्र से ही बच्चों को खेलों में विशेष प्रशिक्षण मिल सके।
सोमवार को यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में खेल मंत्री ने कहा कि यदि प्रदेश को खेलों में नई पहचान दिलानी है तो स्कूली स्तर से ही खेल संस्कृति विकसित करनी होगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्पोर्ट्स स्कूल के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर जल्द प्रस्तुत की जाए।
रेखा आर्य ने यह भी निर्देश दिए कि निजी क्षेत्र को इस पहल से जोड़ने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाए, जिससे प्राइवेट सेक्टर भी स्पोर्ट्स स्कूल खोल सके। इसके साथ ही प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर पर तराशने के लिए स्पोर्ट्स नर्सरी की स्थापना का प्रस्ताव भी तैयार करने को कहा गया है।
उन्होंने बताया कि “एक जनपद एक खेल” योजना के तहत हर जिले में वहां के लोकप्रिय खेल को बढ़ावा दिया जाएगा और उसे उस जनपद की विशेष पहचान के रूप में विकसित किया जाएगा। इस संबंध में प्रस्ताव शीघ्र ही कैबिनेट में लाया जाएगा।
बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक आशीष चौहान, अपर निदेशक अजय अग्रवाल और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य राजेश मंमगाई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।