सिरौली कलां को अलग नगर पालिका बनाने की मांग तेज, सड़कों पर उतरे हजारों लोग

किच्छा। सिरौली कलां को अलग नगर पालिका बनाए जाने की मांग ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में नवीन गल्ला मंडी से एसडीएम कार्यालय तक विशाल जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम गौरव पांडेय को सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार पहले ही सिरौली कलां को नगर पालिका बनाने की अधिसूचना जारी कर चुकी है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा आपत्ति दर्ज कराने के बाद मामला हाईकोर्ट में लंबित है। इस मामले में अगली सुनवाई 18 फरवरी को प्रस्तावित है।

एसडीएम कार्यालय परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए राजेश शुक्ला ने कहा कि जिस तरह से बड़ी तादाद में लोग अपने हक और अधिकार के लिए सड़कों पर उतरे हैं, उससे स्पष्ट है कि सिरौली कलां की जनता किच्छा से पृथक नगर पालिका के पक्ष में है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक कारणों से इस निर्णय में बाधा उत्पन्न कर रही है।

पूर्व पालिकाध्यक्ष अंजू जायसवाल ने भी बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ जुलूस में भाग लिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और स्थानीय सुविधाओं के विस्तार के लिए अलग नगर पालिका आवश्यक है।

प्रदर्शन में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.