खटीमा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नौगवां ठग्गू स्थित श्री गौरी शंकर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होकर 41 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर उन्होंने नव दंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल और सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता, सादगी और समानता का प्रतीक है। इससे अनावश्यक खर्चों में कमी आती है और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का ही नहीं, बल्कि दो परिवारों का मिलन होता है। इसलिए नवदंपति आपसी विश्वास, सम्मान और समझदारी के साथ अपने गृहस्थ जीवन को मजबूत बनाएं।
सीएम धामी ने आयोजन से जुड़े सभी व्यक्तियों और संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि इस मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्री गौरी शंकर महादेव मंदिर प्रांगण के सौंदर्यकरण हेतु 1 करोड़ रुपये की धनराशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर को और अधिक विकसित कर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जामंत्री अनिल कपूर डब्बू, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सामूहिक विवाह समारोह ने सामाजिक एकता और परंपरा का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।