ग्राफिक एरा में एडब्ल्यूएस जाम का जलवा, 1000+ छात्रों के बीच अवलोक बने ‘अल्टीमेट चैंपियन’

देहरादून। ग्राफिक एरा में आयोजित एडब्ल्यूएस जाम प्रतियोगिता में तकनीकी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। अमेजॉन वेब सर्विस (AWS) के सहयोग से आयोजित इस कोडिंग प्रतियोगिता में छात्रों ने क्लाउड कंप्यूटिंग, जेनरेटिव एआई, मशीन लर्निंग, डेवऑप्स और साइबर सिक्योरिटी जैसी उभरती तकनीकों से जुड़ी चुनौतियों के समाधान प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में अवलोक डोबरियाल ने लीडरबोर्ड पर पहला स्थान हासिल कर ‘अल्टीमेट चैंपियन’ का खिताब अपने नाम किया।

ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में देहरादून, हल्द्वानी और भीमताल परिसरों के 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने एडब्ल्यूएस प्लेटफॉर्म पर रियल-टाइम समस्याओं के समाधान के लिए कोडिंग कौशल, रणनीतिक सोच और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता का परिचय दिया।

प्रतियोगिता में अवलोक डोबरियाल ने शीर्ष स्थान प्राप्त कर सभी को पीछे छोड़ दिया। वहीं अंशुल रावत को ‘क्रिएटिव पायनियर’ का खिताब मिला। हर्षित सुयाल ‘पाथब्रेकर’ रहे, अंश कार्की ने ‘एक्सीलेंस प्रोडीजी’ का टाइटल जीता और अहमद ने ‘इमर्जिंग स्टार’ का खिताब हासिल किया। विजेताओं को नकद पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान यूनिवर्सिटी के प्रो वाइस चांसलर डॉ. संतोष एस. सर्राफ, डीन ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स डॉ. डी.आर. गंगोडकर, विभागाध्यक्ष डॉ. अनुपम सिंह, एडब्ल्यूएस इंस्ट्रक्टर निधि सेठ, एडब्ल्यूएस कोऑर्डिनेटर डॉ. आकांक्षा गुप्ता और पीयूष अग्रवाल सहित शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्रों को उद्योग-उन्मुख कौशल विकसित करने और नई तकनीकों में दक्षता हासिल करने का अवसर प्रदान करती हैं। एडब्ल्यूएस जाम ने छात्रों की तकनीकी क्षमता और नवाचार कौशल को नई पहचान दी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.