मसूरी क्षेत्र में विस्थापन मुद्दों पर सख्त जोशी, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को अपने कैंप कार्यालय में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों फुलेत, भैंकलीखाला, पलियाशेरा सहित अन्य क्षेत्रों में प्रस्तावित एवं संचालित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान क्षेत्रीय समस्याओं, विकास योजनाओं की प्रगति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा की गई।

बैठक में विशेष रूप से भैंकलीखाला एवं पलियाशेरा क्षेत्रों में चल रही विस्थापन प्रक्रिया से जुड़ी विसंगतियों को गंभीरता से लिया गया। मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विस्थापन से प्रभावित लोगों की समस्याओं का शीघ्र और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और विस्थापन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं नियमों के अनुरूप होनी चाहिए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास के साथ-साथ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर पुनर्वास उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विस्थापन से जुड़ी सभी प्रशासनिक, राजस्व और तकनीकी बाधाओं को आपसी समन्वय से तुरंत दूर किया जाए तथा प्रभावित लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।

बैठक में लघु सिंचाई, वन विभाग, राजस्व विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री जोशी ने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति किसी भी स्तर पर धीमी नहीं होनी चाहिए।

इस समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, पार्षद भूपेंद्र कठेत, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई विनय कुमार सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी उदय गौड़, तहसीलदार सदर सुरेंद्र सिंह, राजस्व उपनिरीक्षक अरुण गुसाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्रीय विकास को लेकर अपने-अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.