रानीखेत।अल्मोड़ा जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक **हरबन्स सिंह** ने बुधवार को थाना भतरौजखान का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, मालखाना, कर्मचारी बैरिक, भोजनालय एवं आवासीय भवनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने थानाध्यक्ष **अवनीश कुमार** को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और भंडारण में लिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही व्यापक सत्यापन अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय स्टाफ को अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने, सीसीटीएनएस कार्मिकों को ऑनलाइन जनरल डायरी एवं आईआईएफ फॉर्म समय से फीड करने तथा सभी पोर्टलों की नियमित निगरानी कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों की जांच, वारंटों की तामीली और निरोधात्मक कार्यवाहियों की समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण के आदेश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन और शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उनका कहना था कि पुलिस की सकारात्मक छवि आम नागरिकों के विश्वास को मजबूत करती है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने थाने के आवासीय भवनों का भी निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त दीवारों एवं खिड़कियों की समयबद्ध मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए हेड कांस्टेबल **नारायण सिंह** को बेपन हैंडलिंग में सराहनीय प्रदर्शन हेतु पुरस्कृत किया गया, जबकि अभिलेखों के बेहतर रखरखाव के लिए हेड कांस्टेबल **अरविंद चंदेल** और होमगार्ड जवान **श्याम सुंदर** को भी सम्मानित किया गया।
निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष अवनीश कुमार, प्रभारी चौकी भौनखाल अपर उप निरीक्षक **मोहन चंद्रा**, **करतार सिंह** सहित थाना स्टाफ उपस्थित रहा।