जनविरोधी नीतियों पर सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस, हजारों कार्यकर्ताओं की जुटान तय

देहरादून।प्रदेश में जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस एक बार फिर आक्रामक रुख अपनाने जा रही है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 16 फरवरी 2026 को एक विशाल **राजभवन घेराव** कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन, देहरादून में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष **गणेश गोदियाल** ने की।

बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने राजभवन घेराव को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव दिए। कांग्रेस नेताओं ने संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की अधिकतम भागीदारी और आम जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक की जानकारी देते हुए निवर्तमान मीडिया प्रभारी **राजीव महर्षि** ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप कांग्रेस पार्टी प्रदेश में जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क पर उतर रही है। उन्होंने कहा कि 16 फरवरी को आयोजित इस राजभवन घेराव में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक, एआईसीसी और पीसीसी सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, अनुषांगिक संगठन, विभाग एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा प्रदेशभर से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भाग लेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी, महिला विरोधी और युवा विरोधी नीतियों से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। कानून व्यवस्था की स्थिति भी पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, जिससे आम जनता में भय और असंतोष का माहौल है। उन्होंने कहा कि जनता इस निकम्मी सरकार से छुटकारा चाहती है।

गणेश गोदियाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 16 फरवरी को होने वाले राजभवन घेराव में बढ़-चढ़कर भाग लें और लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज़ को बुलंद करें।

बैठक में राजेन्द्र शाह, लालचंद शर्मा, पूरन सिंह रावत, दर्शन लाल, प्रीतम आर्य, प्रशांत खंडूरी, यशपाल चौहान, सुलेमान अली, मोहन काला, विपुल जैन, भगवती प्रसाद सेमवाल, सोहन लाल रतूड़ी, अवतार सिंह नेगी, सावित्री थापा, अनुराधा तिवाड़ी सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.