मणिपुर के उखरुल में फिर भड़की हिंसा: गोलीबारी में 3 की मौत, बढ़ा तनाव

इंफाल। मणिपुर के उखरुल जिले में एक बार फिर जातीय हिंसा भड़क उठी है, जिससे राज्य में पहले से चल रहे तनाव और गहरा गया है। ताजा घटनाओं में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई गोलीबारी में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार तड़के उखरुल जिला के सीनाकेइथेई गांव के पास तांगखुल नगा और कुकी समुदाय के सशस्त्र समूहों के बीच भीषण झड़प हुई। इस दौरान हुई गोलीबारी में 29 वर्षीय तांगखुल युवक होरशोकमी जमांग की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तांगखुल नगा लॉन्ग संगठन ने आरोप लगाया है कि सोओ समझौते के तहत आने वाले कुकी उग्रवादियों ने नगा विलेज गार्ड्स पर घात लगाकर हमला किया। वहीं, दूसरी घटना कुकी बहुल मुल्लम गांव में हुई, जहां हुई झड़प में दो कुकी युवकों—लेतलाल सितल्हो और पाओमिनलुन हाओलाओ—की जान चली गई।

कुकी संगठनों और स्थानीय ग्राम प्राधिकरण का दावा है कि तांगखुल उग्रवादियों ने गांव पर हमला कर मुल्लम और सोंगफाल गांवों में कई घरों को आग के हवाले कर दिया।

गौरतलब है कि उखरुल जिला, जो मुख्य रूप से तांगखुल नगा बहुल क्षेत्र है, फरवरी 2026 से ही नगा और कुकी समुदायों के बीच तनाव का केंद्र बना हुआ है। हाल ही में भी इसी तरह की हिंसा में दो लोगों की मौत हुई थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं। पुलिस और जिला प्रशासन शांति बहाल करने के प्रयास कर रहे हैं, लेकिन लगातार हो रही हिंसक घटनाएं और समुदायों के बीच बढ़ता अविश्वास सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.