उत्तरकाशी,
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सिल्ला में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक गौशाला में अचानक आग लगने से छह पशुओं की जलकर मौत हो गई, जबकि पूरी गौशाला जलकर राख हो गई। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है और पशुपालक परिवार को भारी नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील भटवाड़ी क्षेत्र के ग्राम सिल्ला निवासी शैलेन्द्र पुत्र मंगल सिंह की गौशाला में शुक्रवार सुबह करीब 8:40 बजे आग लगने की सूचना प्रशासन को मिली। आग इतनी तेजी से फैली कि गौशाला में बंधे पशुओं को बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका। देखते ही देखते गौशाला धू-धू कर जलने लगी।
राजस्व उप निरीक्षक भेलाटिपरी ने बताया कि इस अग्निकांड में एक भैंस, तीन बैल, एक गाय और एक गाय के बछड़े की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। इसके अलावा गौशाला पूरी तरह से जलकर राख हो गई, जिससे पशुपालक को भारी आर्थिक क्षति हुई है।
आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी। बाद में प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि हुए नुकसान की कुछ हद तक भरपाई हो सके।