चुनावी प्रक्रिया को मिली रफ्तार: बीएलओ आउटरीच के पहले चरण में बड़ी सफलता

देहरादून,
उत्तराखंड में चुनावी प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ व पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से संचालित बीएलओ आउटरीच अभियान के पहले चरण में बड़ी सफलता मिली है। प्री-एसआईआर गतिविधियों के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में प्रदेश के कुल 75 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। यह जानकारी अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।

डॉ. जोगदंडे ने बताया कि यह अभियान प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। इसके तहत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) सहित पूरी निर्वाचन मशीनरी मतदाताओं तक सीधे पहुंच बनाकर उनसे संवाद और समन्वय स्थापित कर रही है। पहले चरण में मतदाता मैपिंग का कार्य उत्साह और सक्रियता के साथ संपन्न हुआ है, जिसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि बीएलओ आउटरीच अभियान का दूसरा चरण 1 फरवरी से शुरू होगा और 15 फरवरी 2026 तक चलेगा। इस चरण में विशेष रूप से युवा और महिला मतदाताओं की मैपिंग पर फोकस किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

उन्होंने बताया कि प्री-एसआईआर फेज के तहत वर्तमान मतदाता सूची की वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग की जा रही है। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2003 की मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। यहां मतदाता अपने विधानसभा क्षेत्र, नाम, पिता या पति के नाम के आधार पर मतदाता क्रमांक और बूथ संख्या की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा गली, मोहल्ला और क्षेत्र के नाम से भी खोज की सुविधा दी गई है।

इस अवसर पर डॉ. जोगदंडे ने बताया कि प्रदेश के मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने का अनुरोध किया गया है। वर्तमान में प्रदेश में 12,070 बीएलए की नियुक्ति हो चुकी है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से शत-प्रतिशत बीएलए नियुक्त करने की अपील की, ताकि चुनावी प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.