देहरादून। प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत सुवाखोली में एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिभाग कर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस शिविर में कुल 32 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, लाभार्थियों को बेबी किट वितरित की गई। वहीं कृषि विभाग की ओर से किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराए गए, जिससे उनकी खेती को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
इसके साथ ही शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों के बारे में सरल भाषा में जानकारी देकर लोगों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विगत 12 जनवरी को गढ़ बुरांसखड़ा में आयोजित शिविर का भी उल्लेख किया। ग्रामीणों ने बताया कि उस शिविर में कैबिनेट मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में मात्र दो दिनों के भीतर गढ़ बुरांसखड़ा मोटर मार्ग के एलाइनमेंट का कार्य पूर्ण कर दिया गया। इस त्वरित कार्यवाही से ग्रामीणों में सरकार के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ। ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार अब वास्तव में जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका समाधान कर रही है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य जनता तक सीधे पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे शिविरों के माध्यम से जनसरोकारों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए, ताकि शासन और जनता के बीच की दूरी और कम हो सके।